हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड स्थित आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ दिनांक 02 नवंबर 2026 को उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने संपूर्ण परिसर का निरीक्षण करते हुए हॉस्टल, किचेन, बेड, बिजली व्यवस्था सहित खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आवासीय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से राज्यभर की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण बैडमिंटन प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिका खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हजारीबाग जिला एवं झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी।
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के अंतर्गत संचालित इस आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में 25 बालिका खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं आवासन की व्यवस्था है। राज्यस्तरीय ट्रायल एवं टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित बालिकाओं को आवास, भोजन एवं खेल प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
