हजारीबाग: बेटियों को डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तरंग ग्रुप हजारीबाग एवं आदित्य विजन की ओर से चलाए जा रहे ‘डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान’ के तहत ‘टेक सखी’ कार्यक्रम की अंतिम कार्यशाला आयोजित की गई। 2 नवंबर को मटवारी स्थित सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में तीन महीने के प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 19 छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किए गए।
आदित्य विजन की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत छात्राओं को ये लैपटॉप दिए गए, ताकि वे डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।
कार्यशाला में छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, पढ़ाई में नई तकनीक की भूमिका, ऑनलाइन शिक्षा और भविष्य में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। छात्राओं को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, OTP साझा करने के खतरे और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग के जोनल चेयरपर्सन राजीव आनंद, पूर्व शिक्षिका रूसी खान तथा सद्भावना विकास मंच के सचिव एवं पत्रकार दीपक कुमार उपस्थित रहे।
अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में AI और डिजिटल तकनीक शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रही हैं। बेटियों को तकनीकी शिक्षा और संसाधनों से जोड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान तरंग ग्रुप की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। लैपटॉप प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह लैपटॉप उनकी पढ़ाई, डिजिटल कौशल और भविष्य के सपनों को पूरा करने में मददगार साबित होगा।
संस्था के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि आदित्य विजन के सहयोग से इससे पहले हजारीबाग और चतरा जिले की 200 छात्राओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा 50 विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने कहा कि ‘टेक सखी’ कार्यक्रम बेटियों को तकनीकी ज्ञान, डिजिटल शिक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
