हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल की ओर से संचालित सांसद तीर्थ दर्शन महाभियान एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचने जा रहा है। इस अभियान का 100वां और 101वां जत्था आगामी 28 नवंबर को बड़कागांव से तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होगा। इस दौरान सांढ़ और नयाटांड़ पंचायत के 130 बुजुर्ग श्रद्धालु काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर बड़कागांव थाना के सामने गुरुचट्टी स्थित मां अम्बे परिसर में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-पूजन से होगी। इसके बाद बुजुर्ग श्रद्धालुओं के पांव पखारकर और पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी।
सांसद मनीष जायसवाल की अगुवाई में तीर्थयात्री बड़कागांव चौक से करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए सूर्य मंदिर पहुंचेंगे। यहीं से तीर्थ यात्रा की शुरुआत होगी। पदयात्रा के दौरान संकीर्तन टोली, टाना भगत, शंखनाद, छऊ नृत्य और ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए सांसद की टीम और भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। बुधवार को सांसद प्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल के साथ भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
वहीं, सांसद मनीष जायसवाल ने सदर विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की सभी 83 पंचायतों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, किशोरी राणा, रंजन चौधरी, जीवन मेहता, दामोदर प्रसाद, बलदेव बाबू, कृष्णा मेहता, बीरेंद्र कुमार बीरू, लब्बू गुप्ता, मिथलेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
