हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में बुजुर्गों के सम्मान और धार्मिक आस्था से जुड़ा सांसद मनीष जायसवाल का ‘सांसद तीर्थ दर्शन महाभियान’ एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंचने जा रहा है। आगामी 28 नवंबर 2026, शनिवार को इस अभियान के 100वें और 101वें जत्थे को बड़कागांव से भव्य समारोह के बीच तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान बड़कागांव क्षेत्र की सांढ़ पंचायत (बड़कागांव मंडल) और नयाटांड़ पंचायत (उरीमारी मंडल) के कुल 130 बुजुर्ग श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों काशी, विंध्याचल, अयोध्या और प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम के दर्शन करेंगे।
महाभियान के 100वें जत्थे के प्रस्थान और शतकीय पड़ाव की पूर्णता पर बड़कागांव थाना के सामने स्थित मां अम्बे परिसर, गुरुचट्टी में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल होंगे। समारोह की शुरुआत हवन-पूजन से होगी। इसके बाद बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के पांव पखारकर और पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया जाएगा।
सांसद मनीष जायसवाल की अगुवाई में सभी तीर्थयात्री बड़कागांव चौक से करीब दो किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए सूर्य मंदिर पहुंचेंगे। यहां से उन्हें तीर्थ दर्शन यात्रा के लिए रवाना किया जाएगा। पदयात्रा में हरे कृष्ण-हरे राम संकीर्तन टोली, टाना भगतों की टोली, विशेष शंखनाद, छऊ नृत्य के कलाकार, ताशा पार्टी और भगवा परिधान में सजे तीर्थयात्री विशेष आकर्षण रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सभी 83 पंचायतों के गांवों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और तैयारियां तेज हैं
इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने के लिए पिछले करीब एक पखवाड़े से सांसद मनीष जायसवाल की टीम और भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को सांसद प्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और आयोजन से जुड़े स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम स्थल और भोजन व्यवस्था वाले स्थान का निरीक्षण किया। इसके बाद बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह से मुलाकात कर आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और श्रद्धालुओं के साथ आम लोगों की सुविधा को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, लोकसभा सांसद सह प्रतिनिधि अनिल मिश्रा, लोकसभा सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद, बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, विधानसभा सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, बड़कागांव मंडल सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, बड़कागांव मंडल अध्यक्ष शिवकुमार शिबू, उरीमारी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, बेलतू मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार राज उर्फ शेर सिंह, उदय कुमार, अवध किशोर, सत्यजीत, विद्या अलंकार, दामोदर प्रसाद मेहता, सत्यदेव कुमार, कुंवर महतो और प्रमोद साहू समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे
