हजारीबाग जिले में दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त हेमन्त सती और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बरही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बरही चौक, रसोइया धमना, धमना और बरही मैदान स्थित रावण दहन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश और निकास मार्ग, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, उद्घोषणा प्रणाली और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके अलावा स्वयंसेवकों की तैनाती, साफ-सफाई, मूर्ति विसर्जन मार्ग और मेले के आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वहीं, बरही मैदान स्थित रावण दहन स्थल पर परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्ग तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजन के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।
उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने भी पूजा समितियों से पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, बरही अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
