आगामी त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। उत्पाद विभाग हजारीबाग और गया, बिहार की टीम ने संयुक्त रूप से 7 अक्टूबर 2026 को बिहार-झारखंड सीमा क्षेत्र में चौपारण थाना क्षेत्र के भागर झरना गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब की कुल 6 भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। टीम ने मौके से कुल 470 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की।
इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे किण्वित जावा-महुआ की बड़ी मात्रा भी मौके पर नष्ट की गई। विभाग के अनुसार, कुल 23,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ घटनास्थल पर विनष्ट किया गया।
उत्पाद विभाग के अनुसार, अवैध चुलाई शराब भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
हजारीबाग उत्पाद टीम का नेतृत्व सहायक आयुक्त उत्पाद रामलीला रवानी के पर्यवेक्षण में किया गया। टीम में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद अभिषेक कुमार और अवर निरीक्षक उत्पाद कुलदीप कुमार शामिल रहे।
वहीं, गया उत्पाद टीम की ओर से सहायक अवर निरीक्षक अभय यादव सहित गया उत्पाद टीम के अन्य सदस्य संयुक्त कार्रवाई में शामिल रहे।
