कटकमसांडी हत्याकांड में हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 


हजारीबाग। कटकमसांडी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक की पत्नी फूलमती देवी के आवेदन के आधार पर 7 सितंबर 2026 को कटकमसांडी थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डिबल बांध गांव निवासी मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप, पिता स्वर्गीय डोका उरांव, तथा रतन कुजूर, पिता मांगा उरांव को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे मृतक महिला के साथ अवैध संबंध से जुड़ा मामला सामने आया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी/डंडा तथा आरोपी मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप के पास से रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस निरीक्षक, कटकमसांडी थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से मामले के उद्भेदन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।