एकादशी पर ताली कीर्तन में गूंजे बाबा श्याम के जयकारे, भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु

 


हजारीबाग। एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से बाबा श्याम के ताली कीर्तन एवं ज्योत का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। बाबा श्याम की ज्योत प्रज्ज्वलित कर भजनों का गुणगान शुरू हुआ तो पूरा वातावरण श्याममय हो उठा। ताली की गूंज और बाबा श्याम के जयकारों के बीच श्याम भक्त घंटों तक भक्ति में लीन रहे।

कीर्तन के दौरान श्याम भक्तों ने भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा अर्पित की। ज्योत के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। बाबा श्याम के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा और भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

गौरतलब है कि श्री श्याम अरदास कीर्तन परिवार की ओर से प्रत्येक ग्यारस के पावन अवसर पर ताली कीर्तन एवं ज्योत का आयोजन किया जाता है। परिवार से जुड़े नौ सदस्यों की टोली वर्ष की सभी ग्यारस पर एकजुट होकर बाबा श्याम के भजनों का गुणगान करती है। इसका उद्देश्य बाबा श्याम की भक्ति को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और श्याम प्रेमियों को इस भक्ति परंपरा से जोड़ना है।

बीते दिनों अग्रसेन भवन में आयोजित भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा था। इस आयोजन को हजारीबाग के साथ-साथ झारखंड और देश के विभिन्न राज्यों में भी सराहना मिली। कार्यक्रम की सफलता और श्रद्धालुओं के स्नेह से उत्साहित सदस्यों ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से आने वाले वर्षों में इससे भी भव्य और ऐतिहासिक आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा।