हजारीबाग। संगठनात्मक कार्यक्रम में शामिल होने सोमवार को हजारीबाग पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास का हजारीबाग परिसदन सभागार में सांसद मनीष जायसवाल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक एवं समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
रघुवर दास भाजपा द्वारा आयोजित डीसी-एसपी कार्यालय घेराव एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर दर्ज मुकदमों की वापसी और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आंदोलनरत विद्यार्थियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, छात्र-युवा एवं समर्थक मौजूद रहे।
सांसद मनीष जायसवाल ने रघुवर दास का हजारीबाग आगमन पर स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
