मनीष जायसवाल बने भाजपा के आजीवन सहयोग निधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक


हजारीबाग।
भारतीय जनता पार्टी के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को भाजपा झारखंड प्रदेश के ‘आजीवन सहयोग निधि प्रकोष्ठ’ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने इस संबंध में पत्र जारी कर नियुक्ति की आधिकारिक जानकारी दी।

सांसद मनीष जायसवाल को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित राष्ट्रव्यापी संगठन है, जहां समर्पण, निष्ठा, सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को हमेशा सम्मान दिया जाता है।

ज्ञात हो कि इससे पहले भी मनीष जायसवाल बाबूलाल मरांडी की टीम में प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। ऐसे में संगठनात्मक और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े उनके अनुभव को इस नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनीष जायसवाल का संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और पार्टी के प्रति समर्पण उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उपयुक्त बनाता है। उनके नेतृत्व में आजीवन सहयोग निधि अभियान को पूरे झारखंड में और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।

समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि मनीष जायसवाल अपनी संगठनात्मक क्षमता और कुशल नेतृत्व के माध्यम से इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश में संगठन को आर्थिक एवं सांगठनिक रूप से और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद मनीष जायसवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।