सड़क किनारे दुकानों को व्यवस्थित करने की पहल, वेंडिंग जोन के विकास के लिए डीपीआर तैयार करने का निर्देश


 हजारीबाग। शहरी क्षेत्र में सड़क किनारे संचालित दुकानों एवं ठेला-खोमचा व्यवसाय को व्यवस्थित स्वरूप देने तथा शहर की सुंदरता, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमन्त सती ने बुधवार को विभिन्न स्थलों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता सहित नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सड़क किनारे संचालित दुकानों और वेंडिंग गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त वेंडिंग जोन विकसित होने से फुटपाथ और सड़कों पर अनियोजित रूप से लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा। इससे शहर की सुंदरता, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित स्थलों की उपयोगिता, उपलब्ध भूमि, यातायात व्यवस्था और आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेंडिंग जोन के विकास की समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने नगर निगम को शीघ्र डीपीआर (Detailed Project Report) तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित वेंडिंग जोन में दुकानदारों के लिए पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, पार्किंग सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि वेंडिंग जोन के कारण आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुकानदारों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित व्यवसायिक स्थान मिल सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना तैयार करते समय शहर की वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में डीपीआर तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।