शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर किया सम्मानित


हजारीबाग।
एचजेडबी आरोग्यम इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शिक्षकों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

समारोह के दौरान केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा की गईं। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के लिए विशेष सरप्राइज तैयार किए और उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विद्यार्थियों की इस पहल से शिक्षक भावुक हो उठे। इस दौरान विद्यार्थियों ने भाषण एवं कविताओं के माध्यम से अपने गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन केवल शैक्षणिक जीवन में ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को बेहतर दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में संस्थान की निर्देशिका प्रीति जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि उनके भविष्य को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक का वास्तविक सम्मान तभी है, जब विद्यार्थी उनके बताए मार्ग पर चलते हुए अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और परिश्रम के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही किसी शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है।

कार्यक्रम में गुरु-शिष्य के बीच सम्मान, स्नेह और विश्वास का भाव देखने को मिला। अंत में संस्थान परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।