चौपारण में चोरी के सामान के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल से लेकर बाइक तक बरामद


हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू यादव (19), पिंटू यादव (29) और मंटू कुशवाहा (30) के रूप में हुई है। तीनों हजारीबाग जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। 

पुलिस को 7 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के सेलहारा में कुछ संदिग्ध अपराधकर्मी मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनू यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने दो अन्य साथियों पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। 


पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, ब्लूटूथ स्पीकर, हेडफोन, मोबाइल डिस्प्ले, एलईडी बल्ब, इन्वर्टर बैटरी समेत अन्य सामान बरामद किए गए। इसके अलावा बिना नंबर की लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और मारुति सुजुकी वाहन संख्या JH02X-7452 भी बरामद किया गया है। कुल बरामद सामान में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं। 

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में चौपारण थाना कांड संख्या 232/26, दिनांक 05 सितंबर 2026 दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी है। पिंटू यादव के खिलाफ चौपारण थाना में वर्ष 2023 का मामला दर्ज है, जबकि मंटू कुशवाहा के खिलाफ बरही थाना में वर्ष 2021 का मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। 

छापेमारी दल में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस पदाधिकारी दिव्य प्रकाश, सुबिन्द्र राम, मो. कमरुद्दीन, बादल कुमार महतो समेत चौपारण थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। 

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।