हजारीबाग: पदमा ओपी क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षक रमेश कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे रमेश कुमार महथा शेविंग कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में कराया गया।
घटना के बाद एसडीपीओ बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम सूरजपुरा निवासी 40 वर्षीय कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड इटालियन पिस्टल बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रिटायर्ड शिक्षक के साथ उसका पूर्व से आपसी विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण बदला लेने के लिए उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 2 मिस फायर कारतूस, 2 खोखा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
