हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने लोहरसिघना थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छिनतई और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित कोढ़ा गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लगभग 27 ग्राम सोने के आभूषण, 4 चोरी की मोटरसाइकिल, 23 पुड़िया संदिग्ध पदार्थ, 6 की-पैड मोबाइल और 6 फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 1 सितंबर को सूचना मिली थी कि पूर्व में जिले में छिनतई की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले कोढ़ा गिरोह के कुछ अपराधी पुनः छिनतई की घटना को अंजाम देने के लिए शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर चुके हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर रूपक कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इसके बाद लोहरसिघना थाना प्रभारी द्वारा हजारीबाग झील के आसपास एंटी क्राइम चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान झील की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्ति एक साथ तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा उन्हें रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार व्यक्ति वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। छापेमारी टीम और सशस्त्र बल के सहयोग से चारों को घेरकर पकड़ लिया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने दोनों मोटरसाइकिलों के चोरी की होने तथा उन पर लगे नंबर प्लेट के फर्जी होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर और वाहन बदल-बदलकर लोगों से सोना-चांदी के आभूषण व चेन छिनने के साथ-साथ बैंक और पोस्ट ऑफिस से लोगों की रेकी कर पैसे छीनने अथवा चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह द्वारा बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में 100 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन यादव, रितिक कुमार यादव, सन्नी कुमार, अमन यादव, सावन कुमार तथा चौपारण थाना क्षेत्र के अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान शामिल हैं। आगे की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र में तीन स्थानीय आरोपियों के घर से छिपाकर रखी गई 2 मोटरसाइकिल भी बरामद की।
वहीं, पुलिस ने सावन कुमार को गिरफ्तार कर पूर्व के एक मामले में छिने गए आभूषण भी बरामद किए हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार कुछ आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में हजारीबाग पुलिस की विभिन्न थानों की टीम, पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी एवं थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
