हजारीबाग: झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री तथा गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे झारखंड सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार तड़के हृदयाघात के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन को झारखंड की राजनीति, सामाजिक जीवन तथा झामुमो संगठन के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा हजारीबाग जिला इकाई ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। झामुमो के हजारीबाग जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू झामुमो के समर्पित सिपाही, कुशल संगठनकर्ता एवं जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध जननेता थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में झारखंडी अस्मिता, राज्य के अधिकारों तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका असमय निधन न केवल झामुमो बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू ने संगठन को मजबूत करने, युवाओं को राजनीति से जोड़ने तथा राज्य के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। झामुमो परिवार उनके संघर्ष, सादगी, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना को हमेशा याद रखेगा।
जिला प्रवक्ता ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दुखद घटना के मद्देनजर झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा आगामी 7 सितंबर को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में जिले सहित राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि वर्तमान समय शोक और श्रद्धांजलि का है तथा संगठन के सभी कार्यकर्ता दिवंगत मंत्री के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।
कुणाल यादव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो का आंदोलन जारी रहेगा, किंतु पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण 7 सितंबर को प्रस्तावित धरना कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित किया गया है। कार्यक्रम की नई तिथि एवं आगे की रणनीति संबंधी जानकारी संगठन द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।
झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत मंत्री को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संघर्षमय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
