हजारीबाग: ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के तत्वावधान में कल 1 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय में जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। धरना के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।
फेडरेशन ने कहा कि राज्य के करीब 25,000 जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की बकाया कमीशन राशि का भुगतान नहीं होने से डीलरों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 के बीच बकाया कमीशन का भुगतान नहीं किया गया, तो 1 अक्टूबर 2026 को रांची स्थित लोक भवन में 24 जिलों के डीलरों द्वारा महाधरना दिया जाएगा।
फेडरेशन ने सरकार के समक्ष 7 सूत्री मांगें रखीं, जिसमें बकाया कमीशन का 30 दिनों के अंदर भुगतान, आवंटित माह में ही खाद्यान्न उपलब्ध कराने, वितरण के लिए 30 दिनों की अवधि देने, डीलरों की 50,000 रुपये प्रतिमाह आय सुनिश्चित करने, अबुआ स्वास्थ्य योजना में डीलरों को शामिल करने, दाल योजना को माहवार लागू करने, NIC सर्वर में सुधार तथा PDS को पेपरलेस करने की मांग शामिल है।
फेडरेशन ने कहा कि सर्वर की समस्या के कारण लाभुकों और डीलरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है और खाद्यान्न वितरण भी बाधित होता है।
धरना कार्यक्रम में सुनील कुमार सिन्हा, अशोक चंद्रवंशी, अर्चना सिन्हा, राम प्रकाश वर्मा, अरुण राणा, दिलीप पासवान, धनेश्वर महतो, गोविंद गोप, डोमन पांडे, दिनेश यादव, चंदन कुमार, रामेश्वर राम, बालेश्वर कुमार, चरण राम, राम चरण करमाली, सुखदेव साव, रोहित सहित सैकड़ों डीलर एवं महिला समूह की सदस्य शामिल हुईं।
कार्यक्रम में नंदू प्रसाद, अध्यक्ष/प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)