हजारीबाग, 8 सितंबर। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कटकमसांडी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में छापेमारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक दुकान में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने पिपरा गांव स्थित चरण राम की दुकान में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे छापामारी दल ने दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नरेश राम, पिता चरण राम, निवासी पिपरा, थाना कटकमसांडी, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है।
दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने 31 पीस विदेशी शराब और 24 पीस बीयर, कुल 55 पीस अवैध शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद शराब के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस ने नरेश राम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल, पेलावल ओपी प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
