बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति की 26वें वर्ष की तैयारियों का श्रीगणेश, भव्य आयोजन का लिया संकल्प


हजारीबाग।
बड़ा बाजार दुर्गा पूजा महासमिति के 26वें वर्ष के दुर्गोत्सव की तैयारियों का श्रीगणेश सोमवार की देर शाम मल्लाहटोली स्थित धर्मशाला प्रांगण में आयोजित महासमिति की प्रथम बैठक के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता महासमिति के पदाधिकारी शिवदीप सिंह ने की। बैठक की शुरुआत मां दुर्गा के जयकारों से हुई। इसके बाद महासमिति के दिवंगत सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

श्रद्धांजलि के बाद पूजा आयोजन को लेकर विधिवत चर्चा शुरू हुई। बैठक में इस वर्ष दुर्गापूजा को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। भव्य पूजा पंडाल के निर्माण, आकर्षक विद्युत सज्जा, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।

पिछले 25 वर्षों से बड़ा बाजार दुर्गा पूजा ने शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। हर वर्ष यहां आयोजित होने वाला दुर्गोत्सव श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा है। 26वें वर्ष में इस परंपरा को और आगे बढ़ाते हुए आयोजन को यादगार बनाने का संकल्प लिया गया।

महासमिति के अध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि 26वां वर्ष गौरव और जिम्मेदारी दोनों का अवसर है। पिछले 25 वर्षों में शहरवासियों के सहयोग से महासमिति ने दुर्गापूजा की मजबूत परंपरा स्थापित की है। इस वर्ष आयोजन को पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी टीम एकजुट होकर कार्य करेगी। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसा आयोजन करने का प्रयास होगा, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाए।

महासमिति के सचिव दीप नारायण निषाद ने कहा कि पूजा को सफल और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। पंडाल और विद्युत सज्जा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 26वें वर्ष के दुर्गोत्सव को ऐतिहासिक बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

बैठक का संचालन महासमिति के उपाध्यक्ष पवन रावत खंडेलवाल ने किया। अंत में मां दुर्गा के जयकारों के साथ बैठक का समापन हुआ। मौके पर सचिव दीप नारायण निषाद, शिवदीप सिंह, दिलीप जायसवाल, शिवशंकर गुप्ता, बालगोविंद निषाद, लखन निषाद, लक्ष्मण निषाद, पवन रावत खंडेलवाल, प्रदीप जैन, नरेश निषाद, रितेश खंडेलवाल, आशुतोष चौधरी, मनोज गुप्ता, राजेश कुमार सिन्हा, अजय गुप्ता, सतीश गुप्ता, अभय निषाद, कृष केशरी, प्रेम निषाद, राजकुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।