खास महाल भूमि के सर्वे कार्य की उपायुक्त ने की समीक्षा, 25 सितंबर तक मांगी समेकित रिपोर्ट

 


हजारीबाग में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में खास महाल भूमि से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में चल रहे खास महाल भूमि के सर्वे कार्य की अद्यतन स्थिति, सर्वेक्षण प्रक्रिया की प्रगति और पुनर्ग्रहित भूमि से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सर्वे कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सर्वेक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 सितंबर तक समेकित रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में पुनर्ग्रहित खास महाल भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने ऐसे मामलों को चिह्नित कर संबंधित अतिक्रमणकारियों को नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि खास महाल भूमि सरकार की संपत्ति है और इसके संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ भूमि की नियमित निगरानी और अभिलेखों के समुचित संधारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय सहित खास महाल से संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।