हजारीबाग। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा, हजारीबाग की बहनों ने सांसद सेवा कार्यालय परिसर में सांसद मनीष जायसवाल की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व मनाया।
इस दौरान महिला मोर्चा की बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ सांसद मनीष जायसवाल का तिलक किया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधकर मुंह मीठा कराया। पूजा की थाली में राखी, अक्षत, तिलक-चंदन और मिठाई सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। बहनों ने रक्षासूत्र बांधते हुए सांसद के सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उनके यश और कीर्ति में निरंतर वृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने भाजपा महिला मोर्चा की सभी बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “कोहिनूर तो देखा नहीं, लेकिन अनमोल होती हैं बहनें। मैं आजीवन उनकी सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लेता हूं।”
सांसद ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी के रिश्ते को और मजबूत करने का अवसर है। भाजपा महिला मोर्चा की बहनों द्वारा बांधा गया यह रक्षासूत्र उनके लिए स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक है।