हजारीबाग। पेलावल ओपी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, नकदी, मोबाइल समेत अन्य सामान और घटना में प्रयुक्त TVS मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को छड़वा पंचायत रेशमी निवासी प्रदीप राणा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। मामले में कटकमसांडी (पेलावल ओपी) थाना कांड संख्या 131/26 दर्ज किया गया।
मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मो. महताब (लगभग 30 वर्ष) और मो. शमीर कुरैशी (लगभग 25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। दोनों मंडई कला, थाना लोहसिंघना, जिला हजारीबाग के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का कान का टॉप एक जोड़ी, चांदी का पायल एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र, पांच घड़ियां, ₹55,750 नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त TVS मोटरसाइकिल संख्या JH02BG-7117 भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कम समय में मामले का सफल उद्भेदन किया। छापामारी टीम में पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन, सपन महथा, बिट्टू रजक समेत पेलावल ओपी और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
