हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के खिलाफ लगातार सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के नेतृत्व में 25 अगस्त 2026 को बरही अंचल के पदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरजीचक जुहू, कुटीपिसी एवं पिंडारपुर में अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी की गई।
अभियान के दौरान तीन अवैध चुलाई शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। मौके से 40 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। वहीं, शराब निर्माण के लिए तैयार करीब 3,400 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को घटनास्थल पर ही विनष्ट कर दिया गया।
अवैध शराब भट्ठियों के संचालन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
