हजारीबाग। बीते सावन माह की अंतिम सोमवारी की सुबह न्यू एरिया पहली गली के समीप एक बाइक सवार दंपत्ति को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होने से गिरकर चोटिल हुए हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी इन दिनों चिकित्सकीय सलाह पर घर में बेड रेस्ट पर हैं। दुर्घटना में उनके घुटने और हाथ में चोट आई है। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वे चिकित्सकों की सलाह के अनुसार स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
रंजन चौधरी के चोटिल होने की जानकारी मिलने के बाद से ही बड़ी संख्या में शुभचिंतक, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, समाजसेवी, प्रबुद्धजन और आम लोग उनके आवास पहुंचकर कुशलक्षेम जान रहे हैं। शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजकरण पाण्डेय, समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की। सभी ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
रक्षाबंधन का पर्व रंजन चौधरी के लिए भावनात्मक रूप से भी खास रहा। भाजपा नेत्री रेणुका साहू, ज्योत्सना गुप्ता, पूनम मिश्रा, जन सहयोग केंद्र की रीता कुमारी, महिला पत्रकार अपराजिता पांडेय और बेला देवी समेत कई बहनों ने उनके आवास पहुंचकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। बहनों ने उनके जल्द स्वस्थ होने और जीवनभर सकुशल रहने की मंगलकामना की।
इस दौरान भाई-बहन के बीच आत्मीयता और अपनापन देखने को मिला। राखी बांधने के बाद बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने और स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना का भी पर्व है। वहीं रंजन चौधरी ने सभी के स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के प्रति आभार जताया।
रंजन चौधरी के आवास पर लगातार बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से उनके प्रति लोगों के आत्मीय जुड़ाव की झलक देखने को मिल रही है। शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः पूरी ऊर्जा के साथ जनसेवा एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने की कामना की।
