हजारीबाग। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग स्थित कर्जन स्टेडियम में शुक्रवार, 29 अगस्त को तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय हजारीबाग खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 29, 30 एवं 31 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन में प्रमंडल के सात जिलों से लगभग 1,288 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से खेल ध्वज फहराने, अभिनंदन गान, दीप प्रज्वलन और विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों के आकर्षक मार्चपास्ट के साथ हुई। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ आयोजन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
खेल को हार-जीत नहीं, आत्मविश्वास का महोत्सव मानें : आयुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और आत्मबल बढ़ाने का प्रभावी साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल को आत्मविश्वास का महोत्सव मानते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में अहम : सांसद
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए सभी युवा खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सात जिलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
ओपन प्रतियोगिता के रूप में आयोजित इस महोत्सव में हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, धनबाद, चतरा, बोकारो और गिरिडीह के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में धनबाद के मेयर संजीव सिंह, सेवानिवृत्त आईजी, बीएसएफ डी.के. शर्मा तथा नगर परिषद अध्यक्ष, कोडरमा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद विजेता खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और उपलब्धि का उत्साह साफ नजर आया।
हर्ष अजमेरा ने खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र
हजारीबाग ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हासिल होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश न होने और प्रत्येक प्रतियोगिता को सीखने तथा आगे बढ़ने का अवसर मानने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज के खिलाड़ी ही आने वाले समय में जिले, राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इस तरह के खेल महोत्सव युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।
कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकठा विधायक अमित कुमार यादव, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम सहित प्रमंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल पदाधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन जिला प्रशासन, हजारीबाग एवं हजारीबाग ओलंपिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
