हजारीबाग के हरनगंज स्थित स्वयंवर पैलेस में रविवार को वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया एवं मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संयुक्त पहल पर मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सदर विधायक प्रदीप प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। रामबिलास पासवान ने रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में 50 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। इस दौरान सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और समय पर मिला रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और आयोजन के लिए दोनों संस्थाओं की सराहना की।
वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से रक्त संग्रह कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, संस्था के सचिव ब्रजेश सहाय ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया।
मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संस्थापक नीरज कुमार पासवान ने कहा कि रक्तदान समाजसेवा का ऐसा माध्यम है, जिससे किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य लगातार जारी रखेगी।
शिविर में रामबिलास पासवान, नीरज कुमार, नीरज कुमार पांडेय, जितेंद्र कुमार, जयवीर कुमार, मदन लाल मंडल, रामलखन प्रजापति, रौनक, अमित राम, अतुल रंजन, आकाश कुमार पासवान, चंदर कुमार, निखिल कुमार सिन्हा, सतीश कुमार वर्मा, विशेश्वर कुमार ठाकुर, शशि कांत वर्मा, चंदन कुमार एवं मनोज कुमार यादव समेत कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
मौके पर वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह, सचिव ब्रजेश सहाय, मुक्तिधाम सेवा संस्थान के संस्थापक नीरज कुमार पासवान, समाजसेवी राकेश गुप्ता, रामबिलास पासवान, ऋषभ ऋषि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार जताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
