हजारीबाग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस के वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच रविवार को न्यू संत कोलंबस कॉलेज ग्राउंड में टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस मुकाबले में अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की कप्तानी में दो टीमों ने हिस्सा लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। इकरामुल ने 13 गेंदों में 35 रन, पवन सिंह ने 12 गेंदों में 24 रन और संजीव ने 22 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में जीतेन्द्र विश्वकर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में महज 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की टीम निर्धारित 15 ओवर में 9 विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आशुतोष ने 47 रन, जीतू ने 23 रन और कप्तान अमित कुमार ने नाबाद 11 रन बनाए। बड़कागांव टीम की ओर से पवन सिंह, राजीव और अरुण ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
इस तरह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की टीम ने 33 रनों के शानदार अंतर से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मैच के सफल आयोजन एवं संचालन में हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले ने पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
