खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ हुआ उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव-2026 का भव्य समापन

 


हजारीबाग। हजारीबाग ओलंपिक संघ एवं हजारीबाग जिला प्रशासन के तत्वावधान में वीर कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड), हजारीबाग में आयोजित तीन दिवसीय उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव-2026 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रमंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, तीरंदाजी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

आयोजन को सफल बनाने में हजारीबाग जिला प्रशासन एवं उपायुक्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन की पहल से प्रमंडल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच मिला। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों ने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी भाईचारे और खेल भावना का भी परिचय दिया।

खेल जीवन में अनुशासन और नेतृत्व सिखाता है : डीआईजी

समापन समारोह के मुख्य अतिथि हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव के माध्यम से विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को एक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और अन्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर मेहनत के साथ उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : कुलपति

विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल का भी विद्यार्थियों और युवाओं के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करता है।

उन्होंने कहा कि प्रमंडल स्तरीय खेल महोत्सव में खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह देखकर स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में खेल की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं आयोजकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और अवसर मिल सके।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

समापन समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा। विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया गया।

फुटबॉल: बालिका वर्ग में हजारीबाग प्रथम, रामगढ़ द्वितीय और चतरा तृतीय रहा। बालक वर्ग में रामगढ़ प्रथम, हजारीबाग द्वितीय और कोडरमा तृतीय स्थान पर रहा।

वॉलीबॉल: पुरुष वर्ग में हजारीबाग प्रथम, धनबाद द्वितीय और रामगढ़ तृतीय रहा। महिला वर्ग में धनबाद प्रथम, हजारीबाग द्वितीय और रामगढ़ तृतीय स्थान पर रहा।

खो-खो: बालक वर्ग में बोकारो प्रथम, हजारीबाग द्वितीय और कोडरमा तृतीय रहा। बालिका वर्ग में हजारीबाग प्रथम, रामगढ़ द्वितीय और बोकारो तृतीय रहा।

बैडमिंटन: पुरुष एकल में हजारीबाग के नायक स्वप्निल प्रथम, अबू रेयान द्वितीय और गिरिडीह के अंकित कुमार तृतीय रहे। पुरुष युगल में गिरिडीह के रौशन कुमार एवं आदर्श पांडे प्रथम रहे। हजारीबाग के क्षितिज अनंत एवं रेहान सहाय द्वितीय तथा नायक स्वप्निल एवं अबू रेयान तृतीय रहे।

महिला एकल में बोकारो की अनीशा पात्रा प्रथम, हजारीबाग की निशिता राणा द्वितीय और अनन्या गिरी तृतीय रहीं। महिला युगल में हजारीबाग की अनन्या गिरी एवं होली साक्षी रॉबा प्रथम, बोकारो की अनीशा पात्रा एवं आसना कृषु द्वितीय तथा हजारीबाग की रूपांशु कुमारी एवं सुजाता कुमारी तृतीय रहीं।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

400 मीटर पुरुष वर्ग में मनीष बेदिया प्रथम, रितेश कुमार द्वितीय और महवीश रजा तृतीय रहे। 100 मीटर महिला वर्ग में पृथ्वी उरांव प्रथम, सपना कुमारी द्वितीय और अनीश कुमारी तृतीय रहीं।

200 मीटर पुरुष वर्ग में अरशनान अली प्रथम, करण लकड़ा द्वितीय और विवेक कुमार वर्मा तृतीय रहे। 200 मीटर महिला वर्ग में सपना कुमारी प्रथम, अनीशा कुमारी द्वितीय और पलक कुमारी तृतीय रहीं।

1500 मीटर महिला वर्ग में अनिशा कुमारी प्रथम, जैकलिन खेस द्वितीय और रूबी कुमारी तृतीय रहीं। 1500 मीटर पुरुष वर्ग में अजीत कुमार प्रथम, प्रदीप कुमार द्वितीय और लव रविदास तृतीय रहे।

तीरंदाजी में भी खिलाड़ियों ने साधा निशाना

महिला वर्ग में हजारीबाग की ज्योति बाला प्रथम, बोकारो की अपूर्वा बांडो द्वितीय और रामगढ़ की आकांक्षा कुमारी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में बोकारो के रुद्राक्ष पांडे प्रथम, विजय गोराई द्वितीय और हजारीबाग के प्रियांशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

खेल प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। डीएवी जूनियर के बच्चों ने झारखंडी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं मां संगीतायन के बच्चों ने बांग्ला नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत झलक पेश की।

उदय कुमार के नेतृत्व में आत्मरक्षा एवं कराटे का शानदार प्रदर्शन भी किया गया। खेल, संस्कृति और आत्मरक्षा के इस संगम ने समापन समारोह को यादगार बना दिया।

समारोह के दौरान विभिन्न खेल संघों से जुड़े पदाधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों, खेल संघों के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की गई।

समापन समारोह में हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति चंद्रभूषण शर्मा, आरक्षी अधीक्षक अमन कुमार, नगर निगम महापौर अरविंद कुमार राणा, सदर एसडीओ आदित्य पांडे, नगर आयुक्त ओम प्रकाश, चतरा जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर कुमार, जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, आईसेक्ट विश्वविद्यालय के कुल सचिव मुनीष गोविंद, बरकट्ठा जिला परिषद सदस्य कुमकुम देवी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शेफाली गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिला कराटे संघ के महासचिव उदय कुमार, जिला फुटबॉल संघ के सचिव कौलेश्वर गोप, डीएससी सरोज यादव, ओलंपिक संघ के चंदेश दास, आर्चरी संघ के मनोज कुमार, ताइक्वांडो संघ के हेमंत कुमार, वॉलीबॉल के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यदेव सिंह, टेबल टेनिस कोच मोहम्मद रफीक, एथलेटिक्स कोच साबिर हुसैन, अमित शर्मा, खो-खो के संयुक्त सचिव खुर्शीद आलम, मनसूर आलम, जिला खेल कोषांग के नोडल मधुसूदन सिंह सहित खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मंच संचालन संजय तिवारी एवं डॉ. प्रहलाद सिंह ने किया।

तीन दिनों तक चले इस खेल महोत्सव ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ हजारीबाग को खेल गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में और मजबूत किया। आयोजन के समापन के साथ खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिली।