बड़कागांव। सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को बड़कागांव के प्रसिद्ध महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र बोल बम, हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंजता रहा। बड़कागांव के अलावा आसपास के प्रखंडों और दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
महुदी पहाड़ स्थित बुढ़वा महादेव मंदिर के साथ हनुमान मंदिर, श्रीराम मंदिर, द्वारपाल गुफा, छगरी गोदरी गुफा, डुमारो गुफा, डुमारो जलप्रपात और शिवमठ परिसर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।
हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल ने सुबह बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सांसद मोटरसाइकिल से विभिन्न स्थानों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जुलूस में शामिल भगवान शिव की झांकी को श्रद्धालुओं के साथ मिलकर आगे बढ़ाने में भी सहयोग किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल मिश्रा, जिला महामंत्री जय नारायण प्रसाद, बड़कागांव विधानसभा सांसद मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, मंडल अध्यक्ष शिबू मेहता, समाजसेवी पिंटू कुशवाहा, सत्यजीत विद्या अलंकार, उदय कुशवाहा, राजकिशोर समेत कई कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
बताया गया कि रजरप्पा के भैरवी नदी से जल उठाकर करीब 20 गांवों के कांवरिया संगठन के शिवभक्त पैदल यात्रा करते हुए बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे। विभिन्न कांवरिया संगठनों की ओर से डीजे साउंड के साथ आकर्षक झांकियां निकाली गईं। बड़कागांव के विभिन्न गांवों से भी भव्य जुलूस निकाले गए। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
बुढ़वा महादेव विकास सह शांति समिति के तत्वावधान में कुशवाहा समाज गुरुचट्टी की ओर से झांकियों का मूल्यांकन किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाली झांकियों को पुरस्कृत करने की तैयारी की गई। वहीं, कांवरियों और शिवभक्तों के सम्मान के लिए कांड़तरी में भी व्यवस्था की गई।
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। शिविरों में चना, शरबत, चाय, बिस्कुट और प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन हुआ। बुढ़वा महादेव मंदिर के समीप सांसद मनीष जायसवाल के सौजन्य से श्रद्धालुओं के बीच खीर का वितरण किया गया।
श्रद्धालुओं को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अविनाश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रही।
भीड़ को देखते हुए बड़कागांव पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। एसडीपीओ अमित आनंद, इंस्पेक्टर शाहिद रजा और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी मंदिर परिसर, जुलूस मार्ग और प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहे। थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से पूजा करने तथा सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं करने की अपील की।
सावन की शुरुआत से ही बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है। रानी तालाब और द्वारपाल गुफा के आसपास विभिन्न दुकानें, सेवा स्टॉल और बच्चों के लिए झूले लगाए गए हैं। महुदी पहाड़ अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक विशेषताओं के कारण सावन के दौरान श्रद्धालुओं के प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
अंतिम सोमवारी पर केरेडारी, टंडवा, सिमरिया, चतरा, डकरा, खलारी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, इचाक, पदमा, चरही, बरही, तिलैया और कोडरमा समेत कई क्षेत्रों से श्रद्धालु बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे।
