हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपारण थाना क्षेत्र से 41 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 1,968 बोतल (180 एमएल) ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की शामिल है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक सफेद रंग की XUV 500 भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक को 26 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के केंदुआ मोड़ की ओर से एक सफेद रंग की XUV 500 में अवैध शराब लोड कर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चौपारण थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम ने ग्राम पड़रिया पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध XUV 500 को रोक लिया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की और बीच की सीट से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 41 पेटियां, जिनमें कुल 1,968 बोतलें (प्रत्येक 180 एमएल) थीं, बरामद की गईं। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिव्य प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो तथा चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
