लगातार बारिश से जर्जर हुई NH सड़क का विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया निरीक्षण, NHAI से तत्काल मरम्मत और जल निकासी की मांग

 


हजारीबाग में लगातार हो रही वर्षा के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत आने वाली सड़क के कई हिस्सों में गंभीर जल-जमाव एवं सड़क की जर्जर स्थिति उत्पन्न हो गई है। विशेष रूप से मासीपीढ़ी चौक, हुंडई शोरूम के समीप तथा सिद्धार्थनगर के निकट अधूरी एवं क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए हजारीबाग विधायक  प्रदीप प्रसाद ने आज उक्त तीनों स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल-जमाव, गड्ढों तथा अधूरे निर्माण कार्य के कारण आमजन को हो रही कठिनाइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

निरीक्षण के उपरांत विधायक श्री प्रदीप प्रसाद ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (PD)  विजय कुमार से दूरभाष पर विस्तृत वार्ता की तथा उन्हें मौके की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित स्थलों पर तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करने तथा अधूरे निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

विधायक  प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और हजारीबाग की जनता को बेहतर सड़क, सुरक्षित यातायात तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संबंधित विभाग एवं NHAI के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाएगी, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।