हज़ारीबाग की बेटी श्वेता भारती ने रंगमंच और अभिनय जगत में बढ़ाया जिले का मान

 


हज़ारीबाग जिले के पदमा प्रखंड की रहने वाली श्वेता भारती आज झारखंड की उभरती हुई रंगकर्मी, अभिनेत्री एवं थिएटर ट्रेनर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हज़ारीबाग से प्राप्त की तथा अनेक नेशनल यूथ फेस्टिवल में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही वे थिएटर ट्रेनर के रूप में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुकी हैं।

श्वेता ने कई प्रतिष्ठित रंगमंचीय प्रस्तुतियों में मुख्य अभिनेत्री (लीड एक्ट्रेस) के रूप में अभिनय किया है। उन्होंने हरियाणा के सफीदों स्थित रस कला मंच रेपर्टरी में बतौर अभिनेत्री कार्य किया तथा वर्तमान में युवा रंगमंच, रांची में रंगकर्मी अजय मलकानी के निर्देशन में संचालित रेपर्टरी से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने "गुल्लक", "सूरजमुखी" सहित कई शॉर्ट फिल्मों एवं विज्ञापन फिल्मों में अपनी सशक्त अभिनय क्षमता का परिचय दिया है। हाल ही में दहेज प्रथा जैसे सामाजिक विषय पर आधारित शॉर्ट फिल्म "गुल्लक", जिसका निर्देशन विकाश आर्यन (गिरिडीह) ने किया है तथा जिसमें अभिनेता अशोक मांझी के साथ श्वेता भारती ने मुख्य भूमिका निभाई है, को सरला बिड़ला विश्वविद्यालय, रांची में आयोजित चित्रपट फिल्म फेस्टिवल में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बाबूलाल मरांडी एवं अर्जुन मुंडा उपस्थित थे।

फिल्म "गुल्लक" को बेस्ट फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जबकि इसके निर्देशक विकाश आर्यन को बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड प्रदान किया गया।

श्वेता भारती हज़ारीबाग की उन अग्रणी युवा अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने नाट्य एवं अभिनय के क्षेत्र में अपनी मेहनत, समर्पण और प्रतिभा के बल पर जिले तथा झारखंड का गौरव बढ़ाया है। वे आज भी रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही हैं।