हजारीबाग। अग्रवाल महिला मंडल द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित दो दिवसीय सावन उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को अग्रसेन भवन में उत्साह, उमंग और पारंपरिक रंगों के बीच हुआ। उद्घाटन के साथ ही बड़ी संख्या में शहरवासी मेले में पहुंचे और खरीदारी के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। पूरे अग्रसेन भवन को आकर्षक रोशनी, हरियाली और पारंपरिक राजस्थानी थीम से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिसने आगंतुकों का मन मोह लिया।
मेले का सबसे बड़ा आकर्षण राजस्थानी शैली की चौकी-ढाणी रही, जहां लोगों को जयपुर की संस्कृति, लोक परंपराओं और ग्रामीण जीवन की सुंदर झलक देखने को मिली। पारंपरिक सजावट, राजस्थानी कलाकृतियों और लोक परिवेश ने मेले को विशेष पहचान दी। वहीं राजस्थानी लोकनृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे आयोजन में उत्सव का माहौल बना रहा।
मेले में विभिन्न शहरों से आए व्यापारियों द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिलाओं के लिए फैशनेबल परिधान, ज्वेलरी, होम डेकोर, हस्तशिल्प, बच्चों के सामान तथा स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल पर दिनभर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। बच्चों ने मनोरंजन गतिविधियों का आनंद लिया, जबकि परिवारों ने खरीदारी के साथ लजीज व्यंजनों का स्वाद भी चखा।
अग्रवाल महिला मंडल की पदाधिकारियों ने बताया कि सावन उत्सव मेला महिलाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ शहरवासियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने हजारीबागवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर खरीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राजस्थानी व्यंजनों का आनंद लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि मेला शनिवार को भी जारी रहेगा, जिसमें कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल, सचिव राखी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पूजा मुनका सहित मंडल की सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
