स्व. सुरेंद्र पासवान की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित, विधायक प्रदीप प्रसाद ने किया युवाओं का उत्साहवर्धन

 


हजारीबाग (दारू): दारू प्रखंड के पुराना दुर्गा मंडप स्थित बाजार परिसर में सामाजिक रिश्ता संस्था द्वारा स्वर्गीय सुरेंद्र पासवान की पावन स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्वर्गीय सुरेंद्र पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. सुरेंद्र पासवान ने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित किया और उनके आदर्श आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि "रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।"

उन्होंने सामाजिक रिश्ता संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा मानव सेवा और जनहित से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं, स्वयंसेवकों तथा आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का अभिनंदन करते हुए उनके निस्वार्थ सेवा भाव की प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास जताया कि शिविर में एकत्रित रक्त अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में दारू प्रखंड विधायक प्रतिनिधि दिलीप साहू, प्रखंड कार्यालय विधायक प्रतिनिधि रौशन सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश साहू, जिला परिषद सदस्य गीता देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत राणा, राजन सिन्हा, राजकुमार दास, विकास कश्यप, महावीर ठाकुर, सचिन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।