हजारीबाग एसपी ने कटकमदाग थाना का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन व अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश

 


हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने बुधवार (29 जुलाई 2026) को कटकमदाग थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा लंबित मामलों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा (पेलावल अंचल), थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित कांडों, वारंट, कुर्की-जब्ती, चरित्र सत्यापन एवं पासपोर्ट सत्यापन से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के सभी फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही अवैध मादक पदार्थों से जुड़े लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नशा के विरुद्ध आम लोगों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान कटकमदाग थाना क्षेत्र में सक्रिय भू-माफियाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा थाना क्षेत्र के कोल साइडिंग एरिया, ट्रांसपोर्टिंग मार्गों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं तत्परता के साथ निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।