डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सांसद मनीष जायसवाल ने दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र निर्माण के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

 


अखिल भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 126वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को सांसद सेवा कार्यालय, हजारीबाग के सभागार में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में विशेष रूप से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने पार्टी के मार्गदर्शक और आदर्श डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया। इसके बाद वहां उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बारी-बारी से श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके पदचिह्नों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया।

मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जन-कल्याण के लिए समर्पित था। उन्होंने एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान के खिलाफ जो ऐतिहासिक लड़ाई शुरू की थी, उसे आज धरातल पर उतारा जा चुका है। उनके उसी महान राष्ट्रभक्ति के सपने को वर्तमान समय में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दूरदर्शी और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पूरी तरह साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को समर्पित हैं, जो डॉ. मुखर्जी के अंत्योदय के विचार का ही जीवंत रूप है।

मौके पर विशेषरूप से सांसद प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, किशोरी राणा, पूनम साव, भगवान केशरी, अजय मेहता, अनूप कुमार, सुमन गिरी, भाजयुमो जिला अध्यक्ष राजकरण पांडेय, विक्रमादित्य, राजेंद्र पासवान, पीयूष राणा, कपिलदेव सिंह, परमानंद तिवारी, मुकेश साव, सुनील सिंह, नौसाद अलम, नजरुल अंसारी, आफताब आलम, ललिता देवी, सबिता देवी, निर्मल कुमार, सोनू यादव,  अमित कुमार, रामानंद गिरी, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, रूपम ओझा, राजेश राणा सहित कई स्थानीय भाजपा नेता, कार्यकर्ता और प्रबुद्ध जन भारी संख्या में उपस्थित रहे।