हजारीबाग: महिलाओं से संबंधित अपराध एवं पोक्सो मामलों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हजारीबाग पुलिस ने 06/07-07-26 की रात जिलेभर में विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया। यह अभियान जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 30 टीमों का गठन किया गया, जिनमें लगभग 107 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 28 फरार अपराधियों एवं अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों और पोक्सो मामलों में फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार का सघन अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है या फरार चल रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना का सत्यापन कर पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हजारीबाग पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी चलाए जाते रहेंगे।
