हजारीबाग में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, एक्सपायरी तिथि बिना अंकित सरसों तेल की 21 बोतलें जब्त

 


उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन एवं श्री अम्बरीश पांडे ने मेन रोड से लेकर गोला रोड तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभी दुकानों के खाद्य लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन, खाद्य पदार्थों की निर्माण तिथि (Manufacturing Date) एवं उपभोग की अंतिम तिथि (Expiry Date) की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में गोला रोड स्थित राज कुमार संतोष कुमार नामक प्रतिष्ठान में कृष्णा कच्ची घानी सरसों तेल की 910 ग्राम की 20 बोतलें एवं 500 ग्राम की एक बोतल बिना विधिसम्मत समाप्ति तिथि अंकित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों द्वारा जब्त कर ली गई।

इस संबंध में संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को सख्त निर्देश दिया कि बिना निर्माण तिथि एवं समाप्ति तिथि अंकित अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप लेबलिंग के बिना किसी भी खाद्य सामग्री का भंडारण अथवा विक्रय न करें। निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण एवं जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

इस जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के विकास शर्मा एवं सूरज कुमार भी उपस्थित रहे।