चुरचू में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित, 100 से अधिक लोगों को मिला लाभ

 


झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में मंगलवार को चुरचू प्रखंड अंचल कार्यालय परिसर में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उनके निकट उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यहां ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन किए गए। इसके साथ ही उनका फोटो एवं हस्ताक्षर लिया गया तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन टेस्ट भी कराया गया। टेस्ट में सफल होने वाले आवेदकों को मौके पर ही हाथों-हाथ लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया गया।

शिविर का लाभ 100 से अधिक लोगों ने उठाया। तत्काल लर्निंग लाइसेंस मिलने से लाभार्थियों में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली। लोगों ने कहा कि पहले लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रखंड स्तर पर ही यह सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत हुई है। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार और परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, लर्निंग टेस्ट और भविष्य में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष चौधरी, मोटरयान निरीक्षक विजय गौतम, बिरसू कुमार तथा सड़क सुरक्षा मैनेजर संतोष सिंह सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सड़क पर हमेशा सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों तक सरकारी सेवाओं को आसान और सुलभ तरीके से पहुंचाना है। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाकर दुर्घटनाओं में कमी लाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग भविष्य में भी विभिन्न प्रखंडों में ऐसे विशेष शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ वाहन चला सकें।

इस कैंप में पर्यवेक्षक मोटर वाहन निरीक्षक बिरसु सिंह और रवीना कुमारी, ऑनलाइन आवेदन की प्रविष्टि अनिल कुमार और कैलाश पाण्डेय, स्क्रुटनी एवं बायोग्राफी अमन कुमार एवं सूरज कुमार सिंह,ऑनलाइन लर्नर टेस्ट जीवन प्रकाश, शारिक इकबाल और अरविंद तिवारी , लर्नर लाइसेंस प्रिंट  दीपक सोनी व ललन कुमार को जिम्मेवारी दी गई। जिसका सभी ने बखूबी से पालन कर कैंप को सफल बनाने में अपनी महती भूमिका निभाई ।