निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को हजारीबाग जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला जनसंपर्क कार्यालय के द्वारा संचालित इस अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत पांच जागरूकता प्रचार रथों ने जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, हाट-बाजारों, चौक-चौराहों, बस स्टैंडों, शैक्षणिक संस्थानों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में भ्रमण कर जनसंदेश पहुंचाया। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 से 36 के अतिरिक्त चौपारण, ईचाक, विष्णुगढ़ एवं कटकमदाग प्रखंड के कई पंचायत क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की गईं।
प्रचार रथों पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशामुक्ति संबंधी ऑडियो जिंगल एवं लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। वहीं आमजनों के बीच नशामुक्ति विषयक पंपलेट वितरित कर उन्हें जागरूक किया गया।
इसी क्रम में 10 सांस्कृतिक दलों द्वारा जिले के 20 विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए। चौपारण, बरही, बरकट्ठा, ईचाक, कटकमसांडी, सदर, केरेडारी, बड़कागांव एवं विष्णुगढ़ प्रखंडों के सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं पंचायत क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्र के जबरा एवं बाबूगांव चौक में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भागीदारी निभाई।
नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रमों के दौरान लोगों को नशे से दूर रहने, परिवार एवं समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया गया। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नशामुक्त हजारीबाग के निर्माण में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
