मंगुरा ग्राम में काष्ठ कला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल


ईचाक प्रखंड अंतर्गत मंगुरा ग्राम में आज दिनांक 01 जून 2026 को मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की टूलकिट वितरण योजना के तहत काष्ठ कला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण विश्वकर्मा औद्योगिक स्वावलंबी समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 07 दिवसीय होगा। प्रथम बैच में कुल 10 महिलाओं को काष्ठ कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को काष्ठ कला से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि वे इस कला में दक्ष होकर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।

मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत 90 प्रतिशत अंशदान पर विश्वकर्मा औद्योगिक स्वावलंबी समिति को काष्ठ कला से संबंधित मशीनें एवं टूलकिट उपलब्ध कराई गई हैं। इन संसाधनों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके कौशल का विकास करना तथा उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।