मुहर्रम 2026 की तैयारियों और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश


पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग द्वारा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों के निष्पादन, मुहर्रम पर्व की तैयारियों तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी मुहर्रम 2026 के मद्देनजर पूर्व में घटित सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा वर्ष 2025 से पूर्व के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादित करने को कहा गया।

सभी थाना प्रभारियों को जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार तथा कुर्की-जब्ती से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक को प्रत्येक सोमवार थाना स्तर पर बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा एवं निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा इसमें शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध सीसीए, थाना हाजिरी एवं गुंडा पंजी के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश भी दिया गया।

अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जमीन विवाद से संबंधित लंबित मामलों की थाना दिवस में समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को पत्राचार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए सक्रिय एवं जवाबदेह भूमिका निभाने का निर्देश दिया।