एंजल्स हाई स्कूल ने रचा इतिहास, CBSE 12वीं में लगातार 9वीं बार 100% रिजल्ट


हजारीबाग केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणामों में हजारीबाग-बड़कागाँव रोड, शंकरपुर स्थित एंजल्स हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। लगातार नौवीं बार विद्यालय का परीक्षा परिणाम न केवल शत-प्रतिशत रहा, बल्कि शामिल सभी 111 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय का औसत शैक्षणिक प्रतिशत 85.52% रहा, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

परीक्षा परिणामों के अनुसार, वाणिज्य संकाय के योगराज सोनी ने 97.6% अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इसी संकाय में हर्षित राज (96.4%), ऋषभ अग्रवाल (94.4%), संयम जैन (94.4%), वरदा खंडेलवाल (94.2%), कृष्णा अग्रवाल (94%), अवृंदा अग्रवाल (93.4%) और अविका गोयल (93.3%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

कला संकाय में कुमारी अंकिता ने 96.4%अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं विज्ञान संकाय में खुशी कुमारी एवं सुमेधा भारद्वाज ने संयुक्त रूप से 94.2% अंक प्राप्त कर संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। विज्ञान संकाय की अन्य मेधावी छात्राओं में इमप्रीत कौर (93.4%) और अविका अनंत (93.2%) ने भी विशिष्ट अंक अर्जित किए हैं।

वर्तमान वर्ष विद्यालय से कुल 111 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें विज्ञान से 39, वाणिज्य से 49 और कला संकाय से 24 विद्यार्थी थे। परिणाम की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 3 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक और 29 विद्यार्थियों ने 90 से 95% के बीच अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा 32 विद्यार्थी 85-90% की श्रेणी में सफल रहे।

विद्यालय की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर निदेशिका निशा जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम, शिक्षकों के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का साझा परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य बच्चों को केवल परीक्षा में उत्तीर्ण करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर उन्हें एक सफल इंसान बनाना है। विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा अग्रवाल ने भी सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना की है।