खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा बरही रोड स्थित होटलों एवं प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण,स्वच्छता एवं लाइसेंस संबंधी निर्देश जारी


उप खाद्य सुरक्षा आयुक्त, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, रांची, झारखंड तथा अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ० शशि जायसवाल के निर्देशानुसार दिनांक 05.05.2026 को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग मो० मंजर हुसैन एवं उनकी टीम द्वारा हजारीबाग-बरही रोड स्थित विभिन्न लाइन होटल, रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में सिजुआ एवं पदमा क्षेत्र स्थित कई लाइन होटल एवं रेस्टोरेंट यथा यादव जी लाइन होटल, महाराज फैमिली रेस्टोरेंट, न्यू अप पटियाला ढाबा, मौर्य लाइन होटल एंड फैमिली रेस्टोरेंट, महारानी लाइन होटल, रानी सती फैमिली रेस्टोरेंट, राजस्थान ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट, राम जी लाइन होटल (इटखोरी मोड़, पदमा), दिलखुश पेड़ा (पदमा), मेहता होटल, सुबोध लाइन होटल आदि का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों को किचन की स्वच्छता बनाए रखने, कार्यरत कर्मियों एवं भोजन परोसने वाले कर्मचारियों को ग्लव्स एवं एप्रन पहनकर कार्य करने का सख्त निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि सभी प्रतिष्ठान पेयजल की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट तथा FoSTaC (Food Safety Training & Certification) प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें।

इसके अतिरिक्त बरही क्षेत्र के अनिल मुर्गा दुकान, साहिल मुर्गा दुकान एवं शाह झटका मीट दुकान का भी निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों को वैध लाइसेंस के साथ ही संचालन करने तथा साफ-सफाई एवं नियमित कीट नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।