इचाक प्रखण्ड के पुराना इचाक में तीन दिवसीय श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान क्षेत्र में आस्था का माहौल देखने को मिला और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। महिलाएं कलश लेकर ऐतिहासिक सूर्यमंदिर की ओर प्रस्थान कीं, जहां से विधि-विधान के साथ जल ग्रहण किया गया। पूरे रास्ते भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्र के युवा नेता गौतम कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा से युवाओं में हमेशा ऊर्जा और सकारात्मकता बनी रहे, यही उनकी कामना है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा श्रद्धालुओं के बीच चना-गुड़ का वितरण किया गया, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।
पूजा-अनुष्ठान में मुख्य पुजारी के रूप में सुरेश पासवान, जमुना पासवान, अजय साव, ब्रजेश सिन्हा और तुलसी राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास पासवान, प्रकाश पासवान, गुड्डू पासवान, अर्जुन पासवान, राजेश कुमार, राज सिन्हा, मुकेश कुमार, आकाश और लावलीकांत कुमार सहित कई लोगों ने सक्रिय योगदान दिया।
