हजारीबाग डेमोटांड़ स्थित ऋषभ वाटिका में अनमास्क्ड साइबर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के सौरभ विश्वकर्मा और शम्पा बाला ने जयंत सिन्हा भारत सरकार के पूर्व नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री सह हजारीबाग के पूर्व सांसद से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान संस्था द्वारा चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, बढ़ते साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। मुलाकात में संस्था की ओर से बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। फर्जी कॉल, लिंक भेजकर ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग एवं डिजिटल माध्यमों से धोखाधड़ी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में लोगों को जागरूक करना एवं साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क बनाना बेहद आवश्यक हो गया है। संस्था द्वारा स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान जयंत सिन्हा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधियों की सक्रियता भी बढ़ रही है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और समाज के हर वर्ग तक इसकी जानकारी पहुंचनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि युवाओं एवं विद्यार्थियों को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि वे सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग कर सकें। उन्होंने अनमास्क्ड साइबर सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा चलाए जा रहे अभियान को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य जारी रखने के लिए संस्था की टीम को प्रोत्साहित किया। मुलाकात के दौरान संस्था की ओर से सौरव विश्वकर्मा एवं शम्पा बाला मौजूद रहीं। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि जयंत सिन्हा के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से उन्हें साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के लिए और अधिक ऊर्जा एवं प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संस्था द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
