हजारीबाग के संत कोलम्बस मिशन हॉस्पिटल में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस


हजारीबाग बिजली ऑफिस के विपरीत स्थित संत कोलम्बस मिशन हॉस्पिटल में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल में कार्यरत सभी नर्सों ने संयुक्त रूप से केक काटकर एक-दूसरे को नर्स दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से सभी नर्सों को विशेष सम्मान देकर उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान सभी नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अपने मूल कर्तव्यों और मरीजों की सेवा के प्रति हमेशा तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस मौके पर फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर नर्सिंग क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को याद किया गया।

मिशन हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर प्रवीण श्रीनिवास ने सभी नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में जितनी महत्वपूर्ण भूमिका डॉक्टरों की होती है, उतनी ही अहम भूमिका नर्सों की भी होती है। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल और उन्हें स्वस्थ करने में नर्स अपनी सराहनीय भूमिका निभाती हैं। यह सेवा और पुण्य का सबसे बड़ा कार्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर सभी नर्सों को गौरवान्वित महसूस करना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉक्टर अमृता कुमारी, डॉक्टर सचिन गुप्ता, डॉक्टर राहुल रंजन, नर्स चंचला कुमारी, रेजिना टोपनो, मनीषा, जहीरूद्दीन, शैलेश पांडे सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।