हजारीबाग – मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण वल्लभ आश्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय स्तर पर झारखंड महिला कांग्रेस कमिटी, हजारीबाग के तत्वावधान में एक अहम प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता का मुख्य मुद्दा केंद्र सरकार से महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर जोरदार नारे लगाए – आधी आबादी का है यही मांग, महिला आरक्षण लागू करो… आज करो, अभी करो। माहौल पूरी तरह से महिला अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के समर्थन में गूंजता रहा।
प्रेस वार्ता की अध्यक्षता महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष बेबी देवी ने की। वहीं, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं झारखंड कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि देश की आधी आबादी वर्षों से अपने राजनीतिक अधिकार और समान भागीदारी का इंतजार कर रही है, लेकिन अब यह इंतजार और लंबा नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित कर चुकी हैं, फिर भी राजनीति में उनकी भागीदारी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाई है। महिला आरक्षण केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़ा हुआ एक महत्वपूर्ण विषय है।
गुंजन सिंह ने केंद्र सरकार से सीधी मांग करते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून को सिर्फ घोषणा तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे तुरंत लागू कर महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिया जाए।
इस मौके पर महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
