अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की सघन छापेमारी, 23 भट्ठियां ध्वस्त, 1200 किलो जावा महुआ विनष्ट


उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में शनिवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव सलगावा (हरिजन टोला) एवं लुटा क्षेत्र में अवैध महुआ चुलाई शराब निर्माण के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान सलगावा (हरिजन टोला) के घरों में संचालित 8 भट्ठियों, लुटा क्षेत्र में 10 भट्ठियों तथा सलगावा के 5 अलग-अलग घरों में संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 23 अवैध भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।

टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास छिपाकर रखे गए लगभग 1200 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन आदि जब्त किए गए तथा करीब 220 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग द्वारा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इस छापेमारी दल में निरीक्षक उत्पाद सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह एवं सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।