हजारीबाग में शुरू हुआ चौथा एचडीसीए ऑल इंडिया ओपन फाइड रेटिंग चेस टूर्नामेंट 2026, देशभर के 700 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग


हजारीबाग के खेल इतिहास में शनिवार को एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया, जब हजारीबाग डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन एवं ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन की अधिकृत अनुमति से आयोजित चौथी एचडीसीए ऑल इंडिया ओपन फाइड रेटिंग चेस टूर्नामेंट 2026 का विधिवत शुभारंभ विनोबा भावे विश्वविद्यालय के मल्टीपरपज हॉल परिसर में हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, पर्यावरणविद् सुरेंद्र प्रसाद सिंह, आईएम सुबीयान टुंडू, चीफ आर्बिटर विशाल मिंज तथा जिंबॉब्वे के खिलाड़ी ओमो यो सहित खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया। 

विधायक प्रदीप प्रसाद ने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का पहला चरण 16 मई से 20 मई तक ओपन कैटेगरी में खेला जाएगा जबकि दूसरा चरण 21 मई से 24 मई तक 1800 रेटिंग से कम खिलाड़ियों के लिए आयोजित होगा। उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात खिलाड़ियों की बैठक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो-दो राउंड खेले जाएंगे। पहले चरण के समापन अवसर पर 20 मई को शाम 3:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 21 मई को पुनः उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न होगा।

पूरे टूर्नामेंट में कुल 6 लाख 11 हजार रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिसमें पहले चरण के लिए 4 लाख 5 हजार रुपये तथा दूसरे चरण के लिए 2 लाख 6 हजार रुपये शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल 40 खिलाड़ियों को कैश प्राइज प्रदान किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये एवं ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 60 हजार रुपये, तृतीय 40 हजार रुपये, चतुर्थ 28 हजार रुपये, पांचवां 16 हजार रुपये, छठा 12 हजार रुपये, सातवां 10 हजार रुपये, आठवां 8500 रुपये, नौवां 7000 रुपये तथा दसवां 6000 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 11वें से 15वें स्थान तक 5500 रुपये तथा 16वें से 21वें स्थान तक 5000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आयोजन समिति की ओर से बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष एवं बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। आवास, भोजन, पेयजल, सुरक्षा एवं परिवहन जैसी सुविधाओं को लेकर हजारीबाग शतरंज संघ की टीम लगातार सक्रिय है, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच मिलेगा। कार्यक्रम के डायरेक्टर करण जायसवाल ने कहा कि प्रतियोगिता को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए महीनों से तैयारी की जा रही थी। खिलाड़ियों की सुविधा एवं बेहतर आयोजन समिति की प्राथमिकता रही है। संघ के सचिव मनमीत अकेला ने बताया कि हजारीबाग शतरंज संघ भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा। पूरे आयोजन को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, सचिव मनमीत अकेला, सहसचिव बृजेश कुमार, सुमन जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजन शाह, सदस्य अमित कुमार, नितेश कुमार, शिवांगी कुमारी, शत्रुघ्न पांडे, कुश पांडे सहित पूरी टीम सक्रिय भूमिका निभा रही है।